कोलंबो , अगस्त 26 -- मानव सुथार (दो विकेट), मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, रवींद्र जडेजा और सारांश जैन (एक-एक विकेट) के बेहतर गेंदबाजी प्रदर्शन की बदौलत भारत ने दूसरे टेस्ट मैच के चौथे दिन बुधवार को बारिश के कारण स्टंप्स घोषित किये जाने के समय श्रीलंका के दूसरी पारी में 229 रन पर छह विकेट झटक कर मैच पर अपनी पकड़ बना ली है।
फॉलोऑन खेलने उतरी श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने मात्र पांच रन पर अपना पहला विकेट लाहिरू उदारा (तीन) रन के रूप में गंवा दिया। उन्हें मोहम्मद सिराज ने आउट किया। इसके बाद 15वें ओवर में रवींद्र जडेजा ने कामिल मिशारा (32) को पगबाधा आउट कर पवेलियन भेज दिया। भोजनकाल तक श्रीलंका ने दूसरी पारी में दो विकेट पर 83 रन बना लिये थे। इसके बाद पसिंदु सूर्याबंदारा और कामिंडु मेंडिस ने पारी को संभाला और तेजी के साथ रन भी बटोरे। इस दौरान दोनों बल्लेबाजों ने अपने-अपने अर्धशतक पूरे किये। 44वें ओवर में प्रसिद्ध कृष्णा ने कामिंडु मेंडिस को आउटकर श्रीलंका को तीसरा झटका दिया। कामिंडु मेंडिस ने 92 गेंदों में दो चौके और तीन छक्कों की मदद से (55) रन बनाये। चायकाल के समय तक श्रीलंका ने तीन विकेट पर 199 रन बना लिये थे।
चायकाल के बाद मानव सुथार ने धनंजय डिसिल्वा (23) और पसिंदु सूर्याबंदारा (92) को आउट कर भारत की मैच में वापसी करा दी। बारिश होने के पहले सारांश जैन ने निरोशन डिकवेला (छह) का शिकार कर भारत को छठी सफलता दिला दी। स्टंप्स के समय श्रीलंका ने छह विकेट पर 229 रन बना लिये है। सोनल दिनुशा (नाबाद छह) और केशरा नुवंता (नाबाद तीन) क्रीज पर मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित