दांबुला , अगस्त 02 -- गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन के बाद संजना कविंदी (46) और कप्तान चामरी अटापट्टू (40) की विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत श्रीलंका की महिला टीम ने रविवार को दूसरे टी-20 मुकाबले में पाकिस्तान को 14 गेंदें शेष रहते छह विकेट से शिकस्त दी। इस जीत के साथ श्रीलंका ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त बना ली है।

176 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की महिला टीम ने 17.4 ओवरों में चार विकेट पर 178 रन बनाकर मुकाबला छह विकेट से अपना नाम कर लिया। श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने दूसरे ही ओवर में सलामी बल्लेबाज इमेशा दुलानी (पांच) रन का विकेट गवां दिया। इसके बाद संजना कविंदी और चामरी अटापट्टू की जोड़ी ने तेजी के साथ रन बनाते हुए पारी को संभालने का प्रयास किया। इसी दौरान छठें ओवर में कप्तान चामरी अटाटपट्टू 15 गेंदों में (40) को उम्म-ए-हानी ने आउट कर पवेलियन भेज दिया। 11वें ओवर में आयशा जफर ने संजना कविंदी 24 गेंदों में (46) रन का शिकार कर लिया। विश्मी गुणारत्ने (31) रन बनाकर आउट हुई। हर्षिता समरविक्रमा ने 22 गेंदों में (नाबाद 37) रन बनाये। कविशा दिलहारी ने आठ गेंदों में (नाबाद 14) रनों की पारी खेली। हर्षिता ने विजयी चौका लगाया। श्रीलंका ने 12 साल बाद पाकिस्तान के खिलाफ कोई द्विपक्षीय टी-20 सीरीज जीती है।

इससे पहले आज यहां पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट पर 175 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। कप्तान मुनीबा अली और शवाल ज़ुल्फ़िकार ने पाकिस्तान को अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 90 रनों की साझेदारी की। इन दोनों बल्लेबाजों को चामुंडी प्रबोध ने आउट किया। मुनीबा अली ने (45) और शवाल जुल्फिकार ने (48) रनों की पारी खेली। इसके बाद पाकिस्तानी पारी लड़खड़ती हुई नजर आई। इमान नसीर (21), आयशा जफर (आठ) और सायरा जबीन (16) रन बनाकर आउट हुई। एमान फ़ातिमा ने (नाबाद 30) रन बनाये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित