बैंकॉक , फरवरी 20 -- राधा यादव (चार विकेट और नाबाद 31 रन) के हरफनमौला प्रदर्शन की बदौलत भारत ए महिला टीम ने शुक्रवार को महिला एशिया कप राइजिंग स्टार्स के पहले सेमीफाइनल में श्रीलंका ए पर 39 गेंदे शेष रहते पांच विकेट से जीत दर्ज कर टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश किया। राधा यादव को 'प्लेयर ऑफ द मैच' का पुरस्कार मिला।
119 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत ए महिला टीम ने 13.3 ओवर में पांच विकेट पर 119 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम किया। भारत के लिए दिनेश वृंदा ने 20 गेंदों में आठ चौके लगाते हुए 42 रनों की पारी खेली। अनुष्का शर्मा ने 18 गेंदों में पांच चौके लगाते हुए 27 रन बनाये। नंदिनी कश्यप (13), मिन्नू मनी (दो) और तेजल हसबनिस तीन रन बनाकर आउट हुई। कप्तान राधा यादव ने 18 गेंदों में सात चौके लगाते हुए नाबाद 31 रनों की पारी खेली। राधा यादव ने 14वें ओवर की तीसरी गेंद पर चौका लगाकर भारत को जीत दिलाई।
श्रीलंका ए महिला टीम के लिए शशिनी गिम्हानी ने दो विकेट लिये। यशंती निमंथिका ने एक बल्लेबाज को आउट किया।
इससे पहले आज यहां टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका ए महिला टीम के लिए हंसिमा करुणारत्ना और संजना कविंदी की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 36 रन जोड़े। पांचवें ओवर में तनुजा कंवर ने हंसिमा करुणारत्ना (14) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। अगले ही ओवर में मिन्नू मनी ने कप्तान अनुष्का संजीवनी (पांच) का शिकार कर लिया। 11वें ओवर में प्रेमा रावत ने संजना कविंदी (31) को आउटकर भारत को तीसरी सफलता दिलाई। सत्या संदीपनी (15) और शशिनी गिम्हानी (22) रन बनाकर आउट हुये। इसके बाद राधा यादव के गेंदबाजी आक्रमण के आगे श्रीलंकाई बल्लेबाज टिक नहीं सके और अपने विकेट गंवाते चले गये। राधा यादव ने 20वें ओवर की चौथी गेंद पर यशंती निमंथिका (शून्य) को आउट कर 118 के स्कोर पर श्रीलंका की पारी का अंत किया। श्रीलंका के सात बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित