कोटा , जनवरी 22 -- लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने गुरुवार को कहा कि प्रभु श्रीराम का जीवन केवल आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि नैतिक जीवन और कर्तव्यबोध का मार्गदर्शक है।

श्री बिरला आज यहां श्री राम धर्मार्थ चिकित्सालय के 31वें वार्षिकोत्सव समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम का जीवन सेवा, मर्यादा, नैतिकता और समर्पण का आदर्श है, और यही मूल्य इस चिकित्सालय की कार्यप्रणाली में भी स्पष्ट रूप से दिखाई देते हैं। बीते तीन दशकों से यह संस्थान मानव सेवा को ईश्वर सेवा मानकर निस्वार्थ भाव से चिकित्सा सेवाएँ प्रदान कर रहा है, जो समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने कहा कि श्री राम धर्मार्थ चिकित्सालय की पहचान यह है कि यहाँ जाति, वर्ग या आर्थिक स्थिति से ऊपर उठकर हर जरूरतमंद को उपचार और संवेदना मिलती है। उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा का मूल भाव सेवा है, और मंदिर, चिकित्सालय व अन्न सेवा जैसे कार्य इसी परंपरा को जीवंत रखते हैं।

श्री बिरला ने कहा कि कोविड काल में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने कठिन परिस्थितियों में अपनी जान की परवाह किए बिना लोगों के प्राण बचाए जो भारत की मानवीय शक्ति और सेवा भाव का सच्चा उदाहरण है, जिससे देश की प्रतिष्ठा विश्व स्तर पर सुदृढ़ हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित