भरतपुर , मार्च 21 -- राजस्थान में करौली के श्रीमहावीरजी में 27 मार्च से 03 अप्रैल तक आयोजित दिगंबर जैन तीर्थ श्रीमहावीरजी के वार्षिक मेले के लिए पांचना बांध से शनिवार को पानी की निकासी शुरू होते ही जैन धर्मावलंबियों में खुशी की लहर दौड़ गई।

जल संसाधन विभाग के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बांध के गेट नंबर तीन और चार खोलकर 250 क्यूसेक पानी गंभीर नदी में छोड़ा जा रहा है, जो तीन अप्रैल तक जारी रहेगा। यह पानी 27-28 मार्च तक श्रीमहावीरजी पहुंच जाएगा।

उल्लेखनीय है कि उत्तरभारत ही नही अपितु देशभर के जैन धर्मावलंबियों के लिए दिगंबर जैन तीर्थ श्रीमहावीरजी का वार्षिक मेला धार्मिक दृष्टि से बेहद महत्व रखता है। मेले में निकलने वाली भगवान जिनेंद्र की रथयात्रा गंभीर नदी के तट तक पहुंचती है, जहां गंभीर नदी के पानी से ही भगवान महावीर का जलाभिषेक किया जाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित