पटना , अक्टूबर 23 -- कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह ने शुक्रवार को कहा कि बिहार के पहले मुख्यमंत्री और महान स्वतंत्रता सेनानी डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की जयंती पर आगामी 25 अक्टूबर को पटना में आयोजित समारोह में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

श्री सिंह ने कहा कि इस समारोह की तैयारियों के लिए उन्होंने स्वयं 20 से अधिक जिलों का दौरा कर लोगों को आमंत्रित किया है।

राज्यसभा सांसद श्री सिंह ने आज पटना में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि श्रीबाबू ने देवघर मंदिर का दरवाजा दलितों के लिए खुलवाकर सामाजिक न्याय की दिशा में ऐतिहासिक पहल की थी। उनके इस कदम ने समतामूलक समाज के निर्माण का रास्ता प्रशस्त किया। उन्होंने कहा कि श्रीबाबू का योगदान बिहार में सामाजिक बदलाव, समानता और विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण रहा है।

श्री सिंह ने कहा कि श्रीकृष्ण सिंह ने जमींदारी उन्मूलन, सामाजिक न्याय और औद्योगिक विकास के माध्यम से आधुनिक बिहार की नींव रखी। उनके विचारों और कार्यों को याद करना तथा नई पीढ़ी तक उनके योगदान को पहुंचाना जरूरी है। इसी उद्देश्य से कांग्रेस उनकी जयंती पर समारोह आयोजित कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित