नयी दिल्ली , फरवरी 21 -- कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर किसानों और डेटा सुरक्षा से समझौता करने का आरोप लगाते हुए एआई शिखर सम्मेलन के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन का बचाव करते हुए उसे सही ठहराया है।
सुश्री श्रीनेत ने एआई सम्मेलन के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन का बचाव करते हुए शनिवार को कहा कि प्रदर्शनकारी साहसी हैं और उन्होंने किसानों, युवाओं और ऊर्जा सुरक्षा के समर्थन में आवाज उठाकर किसानों के लिए नुकसानदायक भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का विरोध कर निडर कदम उठाया है।
गौरतलब है कि युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को भारतमंडपम में घुसकर भारत अमेरिका व्यापार समझौते के विरोध में प्रदर्शन किया था। पुलिस के अनुसार प्रदर्शन कर रहे युवा कांग्रेस के लगभग 10 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है। पुलिस का यह भी कहना है कि इन युवाओं ने कथित तौर पर धोखा देकर भारत मंडपम में प्रवेश किया और श्री मोदी के खिलाफ नारेबाजी भी की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित