जयपुर , अक्टूबर 10 -- राजस्थान के मुख्य सचिव एवं अंतरराष्ट्रीय प्रशासनिक विज्ञान संस्थान (आईआईएएस) के अध्यक्ष वी. श्रीनिवास 12 से 15 अक्टूबर तक यूनान की राजधानी एथेंस में आयोजित अंतरराष्ट्रीय लोक प्रशासन विद्यालय एवं संस्थान संघ (आईएएसआईए) -2026 के वार्षिक सम्मेलन में भाग लेंगे।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार आईएएसआईए के इस सम्मेलन में 100 से अधिक देशों के 600 प्रतिनिधि भाग लेंगे। आईएएसआईए, आईआईएएस की एक क्षेत्रीय इकाई है। श्रीनिवास गत वर्ष जून में तीन वर्षीय कार्यकाल के लिए आईआईएएस के पहले भारतीय अध्यक्ष चुने गये थे।

श्री श्रीनिवास इस कार्यक्रम के तहत 12 अक्टूबर को आईएएसआईए के प्रबंधन मंडल को संबोधित करेंगे और 13 अक्टूबर को आईआईएएस प्रशासन परिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। वहीं 14 अक्टूबर को सम्मेलन में उद्घाटन संबोधन देंगे तथा 15 अक्टूबर को समापन संबोधन देंगे।

वह 12 अक्टूबर को यूनान के ईकेडीडीए (राष्ट्रीय लोक प्रशासन एवं स्थानीय शासन केंद्र) के महानिदेशक डॉ. वासिलिस एक्सारखोस, आईएएसआईए की अध्यक्ष प्रो. डॉ. लीज़ेल ल्यूज़, आईआईएएस-2026 सियोल सम्मेलन के अध्यक्ष प्रो. डॉ. बुम यंग ली, आईआईएएस के वैज्ञानिक निदेशक प्रो. डॉ. मार्को डे ला क्रूज़ और यूनान में भारत के राजदूत श्री रवि शंकर के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे।

श्री श्रीनिवास और प्रो. डॉ. मार्को डे ला क्रूज़ सम्मेलन के दौरान आईआईएएस शासन सूचकांक की प्रारंभिक झलक प्रस्तुत करेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार यूनान के प्रधानमंत्री किरियाकोस मित्सोताकिस उस दिन एक उच्चस्तरीय पूर्ण सत्र में भाग लेंगे, जिसमें श्री श्रीनिवास भी शामिल होंगे।

'बदलते विश्व के लिए शासन पर पुनर्विचार' विषय पर आयोजित इस सम्मेलन में विश्वभर से 600 से अधिक प्रतिनिधियों के शामिल होने की अपेक्षा है। नीति निर्माता, लोक प्रशासन विशेषज्ञ और शिक्षाविद शासन को अधिक प्रभावी, उत्तरदायी और नागरिक केंद्रित बनाने के उपायों पर विचार करेंगे। चर्चाओं में प्रशासनिक नवाचार, डिजिटल परिवर्तन, संस्थागत क्षमता और सार्वजनिक संस्थाओं के प्रति विश्वास जैसे विषय शामिल होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित