पौड़ी , अक्टूबर 22 -- उत्तराखंड पुलिस की 22वीं प्रादेशिक अंतर्जनपदीय/वाहिनी राइफल, रिवॉल्वर एवं पिस्टल शूटिंग प्रतियोगिता-2026 का गुरुवार को श्रीनगर स्थित एसएसबी की केदार फायरिंग रेंज में भव्य शुभारंभ हुआ।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पौड़ी सर्वेश पंवार ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जनपदों और वाहिनियों की 12 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। इसमें 120 से अधिक पुलिसकर्मी निशानेबाजी में अपनी दक्षता और सटीक लक्ष्यभेदन क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता का समापन 24 अक्टूबर को होगा।

शुभारंभ अवसर पर एसएसपी पंवार ने विभिन्न जनपदों एवं वाहिनियों से पहुंचे टीम मैनेजरों से परिचय प्राप्त किया। प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों ने सलामी देकर खेल भावना, अनुशासन और समर्पण के साथ मुकाबलों में प्रतिभाग करने की शपथ ली।

एसएसपी ने कहा कि पुलिस बल के लिए शस्त्र संचालन में दक्षता, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना अत्यंत महत्वपूर्ण है। इन्हीं उद्देश्यों को ध्यान में रखते हुए उत्तराखंड पुलिस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड के वार्षिक खेल कैलेंडर के अनुसार विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है। उन्होंने प्रतिभागियों से आगामी तीन दिनों तक उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपनी निशानेबाजी और शस्त्र संचालन कौशल का परिचय देने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित