श्रीगंगानगर , मई 14 -- राजस्थान में किसान संगठनों ने न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर गेहूं की खरीद का लक्ष्य बढ़ाने और खरीद अवधि बढ़ाने की मांग को लेकर श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों की सभी अनाज मंडियों में शुक्रवार को बंद का आह्वान किया है।
ग्रामीण मजदूर किसान समिति (जीकेएस) के प्रदेशाध्यक्ष रणजीतसिंह राजू ने गुरुवार को बताया कि शुक्रवार को पूर्वाह्न 10 बजे से किसान अपने नजदीकी अनाज मंडियों के सभी द्वारों पर धरना-प्रदर्शन करेंगे और दिनभर वहां बैठे रहेंगे। उन्होंने किसानों से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शन में शामिल हों और किसी भी हाल में कृषि जिंस लेकर मंडी में न आएं, क्योंकि नीलामी नहीं होगी।
श्री राजू ने कहा कि दोनों जिलों के किसानों के पास अब भी करीब 40 प्रतिशत गेहूं एमएसपी पर बिकने के लिए बचा हुआ है। सरकार हर वर्ष 30 जून तक खरीद करती रही है लेकिन इस बार अंतिम तिथि मात्र 31 मई रख दी गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकार एमएसपी पर गेहूं खरीदना ही नहीं चाहती इसलिए खरीद शुरू होने से पहले ही तरह-तरह की बाधाएं खड़ी कर दी गईं ताकि किसान तंग आकर बाजार में कम भाव पर गेहूं बेचने को मजबूर हो जाएं।
उन्होंने बताया कि बाजार मूल्य एमएसपी से काफी कम है। बिहार में तो गेहूं 1500-1600 रुपये प्रति क्विंटल ही बिक रहा है। मंगलवार को बिहार का एक ट्रक ज्यादा भाव के चक्कर में श्रीगंगानगर मंडी पहुंचा और पकड़ा गया। किसान संगठनों की मुख्य मांग है कि गेहूं खरीद का लक्ष्य बढ़ाया जाए और खरीद अवधि 30 जून तक बढ़ाई जाए ताकि सभी किसान अपना गेहूं एमएसपी पर बेच सकें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित