श्रीगंगानगर , सितंबर 17 -- राजस्थान में उत्तर-पश्चिम रेलवे क्षेत्र में विद्युतीकरण की प्रक्रिया लगातार आगे बढ़ रही है।

रेलवे उपभोक्ता परामर्शदात्री समिति (जेडआरयूसीसी) के सदस्य भीम शर्मा ने गुरुवार को बताया कि श्रीगंगानगर और पश्चिमी राजस्थान से जुड़ी चार महत्वपूर्ण रेल सेवाओं को अब इलेक्ट्रिक इंजन से संचालित किया जायेगा। इससे यात्रा अधिक सुगम बनेगी, इंजन बदलने में लगने वाला समय बचेगा और प्रदूषण भी घटेगा।

गाड़ी संख्या 14888/14887 बाड़मेर-ऋषिकेश-बाड़मेर रेलसेवा बाड़मेर से 18 सितंबर और ऋषिकेश से 20 सितंबर से इलेक्ट्रिक इंजन के साथ चलेगी। इसी तरह गाड़ी संख्या 14815/14816 श्रीगंगानगर-ऋषिकेश-श्रीगंगानगर रेलसेवा श्रीगंगानगर से 20 सितंबर और ऋषिकेश से 19 सितंबर से बिजली इंजन पर दौड़ेगी।

ये दोनों सेवाएं क्षेत्र से हरिद्वार-ऋषिकेश जाने वाले यात्रियों के लिए प्रमुख कड़ी हैं। नांदेड़ से श्रीगंगानगर आने-जाने वाली दो सुपरफास्ट सेवाओं में भी बदलाव होगा। गाड़ी संख्या 12485/12486 नांदेड़-श्रीगंगानगर-नांदेड़ रेलसेवा नांदेड़ से आज और श्रीगंगानगर से 19 सितंबर से इलेक्ट्रिक इंजन से चलेगी। गाड़ी संख्या 12439/12440 नांदेड़-श्रीगंगानगर-नांदेड़ रेलसेवा नांदेड़ से 20 सितंबर और श्रीगंगानगर से 25 सितंबर से इलेक्ट्रिक इंजन के साथ संचालित होगी।

श्री शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में पहले से कई मार्गों पर विद्युतीकरण पूरा हो चुका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित