श्रीगंगानगर , मार्च 26 -- राजस्थान में उत्तर-पश्चिम रेलवे ने श्रीगंगानगर और मध्य प्रदेश के इंदौर के बीच यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक नयी साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। उत्तर-पश्चिम रेलवे के सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि यह स्पेशल ट्रेन दो अप्रैल से अपनी सेवाएं शुरू कर देगी। ट्रेन फिलहाल 15 फेरे तक चलेगी और इसमें यात्री भार अच्छा रहा तो इसे बाद में इसे स्थायी रूप दिया जा सकता है। इस ट्रेन के शुरू होने से श्रीगंगानगर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को इंदौर, रतलाम, मंदसौर, उज्जैन जैसे शहरों तक सीधी और आरामदायक यात्रा की सुविधा मिल सकेगी।
गाड़ी संख्या 04735 श्रीगंगानगर से हर गुरुवार दोपहर 12 बजकर 50 मिनट पर रवाना होगी और अगले दिन शुक्रवार सुबह करीब दस बजे इंदौर के लक्ष्मीबाई नगर स्टेशन पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04736 इंदौर से शुक्रवार दोपहर एक बजकर 55 मिनट पर रवाना होकर शनिवार मध्याह्न 12 बजकर 20 मिनट पर श्रीगंगानगर पहुंचेगी।
यह ट्रेन श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, सादुलपुर, चूरू, रिंगस, फुलेरा, अजमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, नीमच, मंदसौर, रतलाम और फतेहाबाद स्टेशनों पर ठहराव लेते हुए इंदौर तक जाएगी। कुल 20 कोचों वाली इस ट्रेनमें एक सेकंड एसी, दो थर्ड एसी, 11 स्लीपर, चार जनरल और दो एसएलआर कोच शामिल किये गये हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित