श्रीगंगानगर , मई 26 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर के जवाहरनगर थाना क्षेत्र में भारद्वाज कॉलोनी में गत शनिवार-रविवार की रात को एक कार में आए चार-पांच युवकों द्वारा अगवा किए गए युवा केमिस्ट कपिल जिंदल (32) का शव मंगलवार को शाम हनुमानगढ़ जिले में इंदिरा गांधी नहर के मसीतांवाली हैड पर बरामद हुआ।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव जब नहर से बाहर निकाला तो उसके दोनों हाथ-पांव बंधे हुए थे। उसके शरीर पर काफी चोटों के निशान थे। उसका गला दबाए जाने की भी आशंका है। पुलिस ने शव श्रीगंगानगर जिला अस्पताल के मुर्दाघर में सुरक्षित रखवा दिया है। बुधवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई होगी।
पुलिस ने बताया कि कपिल जिंदल का शव बरामद होने से अब अपहरण और मारपीट का मामला हत्या में तब्दील हो जाने की पूर्ण संभावना है। इस बीच पुलिस ने पंजाब के मलोट शहर क्षेत्र के निवासी दो भाइयों, उनके एक बहनोई और दो दोस्तों को पकड़ा है जबकि कपिल जिंदल के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रहने वाली महिला से भी कड़ी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस और परिवारजनों के मुताबिक कपिल का अपहरण गत शनिवार-रविवार की रात करीब एक बजे दिल्ली नंबर की गाड़ी में सवार होकर आए चार-पांच युवकों ने कर लिया था। अपहरण करने से पहले उसको उसी के घर में बुरी तरह से पीटा गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित