श्रीगंगानगर , अक्टूबर 18 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर में श्री सनातन धर्म महावीर दल द्वारा आयोजित 75वें विजयदशमी महोत्सव में इस बार विशाल थ्रीडी पुतले और अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक आतिशबाजी मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

कार्यक्रम संयोजक रामगोपाल पांडूसरिया ने रविवार को यहां पत्रकारों को बताया कि 20 अक्टूबर को शाम पांच बजे सुखाड़िया सर्कल स्थित रामलीला मैदान में यह भव्य आयोजन किया जायेगा। इस वर्ष आयोजन समिति ने 70 फुट ऊंचा रावण, 65 फुट ऊंचा कुंभकरण और 65 फुट ऊंचा मेघनाथ के थ्री-डी पुतले तैयार करवाए हैं।

उन्होंने बताया कि इन पुतलों में अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक आतिशबाजी प्रणाली लगाई गई है, जो दहन से पहले ही सक्रिय हो जाएगी। इससे पूरा मैदान रौशनी और धमाकों से गूंज उठेगा। पुतलों में भरे पटाखे दहन के साथ ही मैदान में भयंकर गर्जना करेंगे। रावण की आंखों से अंगारे बरसेंगे और उसकी नाभि में एक आकर्षक घूमता हुआ चक्र चलेगा।

श्री पांडुसरिया ने बताया कि कुंभकरण और मेघनाथ की आंखों से भी अंगारे निकलेंगे। रावण के पुतले को इस बार पारंपरिक राजस्थानी धोती पहनाई गई है और पैरों में आकर्षक जूती पहनाई गई हैं, जिससे उसका स्वरूप और भी भव्य तथा राजस्थानी संस्कृति से जुड़ा हुआ लगेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित