श्रीगंगानगर , जनवरी 19 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के सादुलशहर थाना क्षेत्र में पुलिस ने सोमवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार करके उससे भारी मात्रा में कारतूस बरामद किये हैं।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि गिरफ्तार युवक की पहचान श्यामसुंदर (26) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध रिवॉल्वर और कुल 567 कारतूस बरामद किए हैं, जिनमें से 563 जिंदा कारतूस और चार खाली कारतूस शामिल हैं। श्यामसुंदर के खिलाफ आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत सादुलशहर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि श्यामसुंदर को अलीपुर गांव के पास संदिग्ध हालत में एक बिना नंबर वाली मोटरसाइकिल पर जाते हुए रोका गया था। तलाशी के दौरान उसके पास से यह अवैध हथियार और कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में श्यामसुंदर ने दो लोगों के नाम लिये हैं जिन्होंने यह असला उसे सौंपा है।
पुलिस का दावा है कि इन युवकों का संबंध कुख्यात बदमाश सरगना विशाल पचार उर्फ बबलू से है, जो लंबे समय से दुबई में छिपा हुआ बताया जा रहा है। विशाल पचार मूल रूप से श्रीगंगानगर की पुरानी आबादी के मोहरसिंह चौक क्षेत्र का निवासी है और वह कई आपराधिक मामलों में न केवल श्रीगंगानगर जिला पुलिस, बल्कि अन्य जिलों और राज्यों में भी वांछित है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित