श्रीगंगानगर , सितम्बर 11 -- राजस्थान में नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण में श्रीगंगानगर जिले के सादुलशहर में शुक्रवार को वार्ड नंबर पांच के मतदान केंद्र पर हंगामा हो गया।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक गुरवीरसिंह बराड़ और तीसरे मोर्चे के नेता प्रदीप खीचड़ के समर्थकों के बीच तनातनी मारपीट तक पहुंच गई।
घटना महात्मा गांधी राजकीय इंग्लिश माध्यमिक विद्यालय में हुई, जहां प्रदीप खीचड़ की पत्नी मनीषा खीचड़ चुनाव लड़ रही हैं। मतदान शाम छह बजे समाप्त होने से ठीक एक घंटे पहले यह घटना हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शाम पांच बजे मनीषा खीचड़ अपना वोट डालने आयी थीं। उनके पति प्रदीप खीचड़ इसी केंद्र पर चुनाव एजेंट थे। दोनों स्कूल के मुख्य द्वार के पास बात करते अंदर जा रहे थे। तभी स्कूल के छोटे द्वार के साथ वाला द्वार किसी ने खोल दिया और वहां 20-25 लोग अंदर घुस आये। उन्होंने चारों तरफ से घेरकर प्रदीप खीचड़ पर हमला बोल दिया। मौजूद लोगों और पुलिस ने बीच-बचाव करके मामला शांत किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित