श्रीगंगानगर , मार्च 16 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर में कोतवाली थाना क्षेत्र में सोमवार को सुबह 11 हजार वोल्ट की हाई-वोल्टेज बिजली लाइन के एक तार टूटकर गिरने से पांच पालतू दुधारू गायों की मौत हो गई।
इस घटना में तीन अन्य गायें सुरक्षित रहीं, जबकि गायों का गोपालक मुंसफ अली बाल-बाल बच गया। हादसे से स्थानीय लोगों में निगम के अधिकारियों के खिलाफ भारी आक्रोश फैल गया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और विद्युत निगम के अधिकारी मौके पर पहुंचे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पदमपुर मार्ग परस्थित चक 5-ए मौजपुर निवासी मुंसफ अली रोजाना की तरह आज सुबह अपनी आठ पालतू गायों को सुबह चराने के बाद सुबह करीब 10 बजे गायों को हांककर वापस घर ला रहा था। जस्सासिंह मार्ग तिराहे के समीप नहर पुलिया से गुजरते समय गायें नहर पर पानी पीने लगीं। इसी दौरान पांच गायें सड़क की दूसरी तरफ चली गईं। मुंसफ अली उन्हें घेरकर वापस लाने की कोशिश कर रहा था, तभी अचानक ऊपर से 11000 वोल्ट की बिजली लाइन का एक तार टूटकर गिर गया। तार सीधे गायों पर गिरा और हाई-वोल्टेज करंट लगने से पांचों गायें तड़प-तड़पकर मौके पर ही मर गईं। मुंसफ अली किसी तरह बच गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित