श्रीगंगानगर , मार्च 30 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर में पुलिस अधीक्षक हरीशंकर के नेतृत्व में सोमवार शाम को जिला मुख्यालय पर सायंकालीन पैदल गश्त का आयोजन किया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुलिस अधीक्षक कार्यालय से रवाना होकर पुलिस दल ने गोल बाजार के विभिन्न प्रमुख इलाकों में गश्त की। केदार चौक, गांधी चौक, अम्बेडकर चौक, वकीलों वाली डिग्गी, आदर्श पार्क, दुर्गा मंदिर बाजार होते हुए सुखाड़िया सर्किल तक गश्त लगायी गयी। यह पुलिस दल का फ्लैग मार्च था, जिसका मुख्य उद्देश्य आमजन में सुरक्षा का विश्वास जगाना और अपराधियों में भय का संदेश पहुंचाना था।
पुलिस ने बताया कि गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों से सीधा संवाद किया। उन्होंने सूचना तंत्र को मजबूत बनाने, आपसी विश्वास बढ़ाने और किसी भी संदिग्ध या असामान्य गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना देने का आग्रह किया। इस गश्त से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने का प्रयास किया गया।
इस पैदल गश्त में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रघुवीर प्रसाद, सीओ विष्णु खत्री, कोतवाली थाना प्रभारी पृथ्वीपालसिंह, पुरानी आबादी थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस सुरेश, जवाहरनगर थाना प्रभारी देवेंद्रसिंह, सदर थाना प्रभारी सुभाषचंद्र, यातायात प्रभारी राजेश और महिला थाना प्रभारी संजूरानी सहित थाना स्टाफ, कालिका यूनिट स्टाफ और पुलिस लाइन का जाब्ता उपस्थित रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित