श्रीगंगानगर , मई 27 -- उत्तर भारत में पड़ रही भीषण गर्मी का असर राजस्थान में सीमावर्ती जिले श्रीगंगानगर में भी साफ दिखाई दे रहा है।
मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को तापमापी का पारा 48 डिग्री सेल्सियस काे भी पार कर गया। अधिकतम तापमान 48.2 और न्यूनतम तापमान 27.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अत्यधिक गर्मी और लू के थपेड़ों से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और आम लोगों का घरों से बाहर निकलना दूभर हो गया।
भीषण गर्मी के चलते बाजारों, मुख्य मार्गों एवं सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की आवाजाही बेहद कम रही। गर्म हवाओं और झुलसा देने वाली धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया। खासकर दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा सा पसरा रहा।
जिला प्रशासन और नगर परिषद ने राहत कार्य शुरू करते हुए शहर की प्रमुख सड़कों पर पानी का छिड़काव करवाया, ताकि लोगों को कुछ राहत मिल सके और सड़कों की तपिश कम हो सके। प्रशासन ने लोगों से आवश्यक कार्य होने पर ही घरों से बाहर निकलने तथा पर्याप्त मात्रा में पानी पीने का आग्रह किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित