श्रीगंगानगर , मार्च 13 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के श्रीगंगानगर-पदमपुर राजकीय राजमार्ग पर स्थित चक 9-ए और चक 18-बीबी से टोल नाकों को तुरंत हटाने की मांग को लेकर किसानों और ग्रामीणों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है।
टोल संघर्ष समिति के आह्वान पर शुक्रवार को बड़े स्तर पर रोष मार्च निकाला गया, जिसमें सेंकड़ों किसान, ग्रामीण और स्थानीय लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने सरकार और प्रशासन से मांग की कि दोनों टोल नाके फौरन बंद किए जाएं, वरना आंदोलन और भी उग्र रूप लेगा।
आज रैली की शुरुआत दोपहर करीब 12 बजे पदमपुर में शहीद भगतसिंह चौक से हुई। कारों, मोटरसाइकिलों, जीपों, ट्रैक्टरों और ट्रकों के काफिले के साथ यह मार्च चक 9-ए टोल नाके तक पहुंचा। पूरे रास्ते प्रदर्शनकारियों ने टोल नाकों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। टोल संघर्ष समिति के सदस्य सुखवीरसिंह फौजी ने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक चक 9-ए और चक 18-बीबी टोल नाके नहीं हटाए जाते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित