श्रीगंगानगर , अक्टूबर 30 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर में जिला परिषद वार्ड संख्या 34 से मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की टिकट पर चुनाव लड़ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली यूनियन के प्रधान बेअंतसिंह उर्फ बिट्टू को कुख्यात बदमाश सरगना विशाल पचार उर्फ बबलू की ओर से जान से मारने और दो करोड़ रुपये की रंगदारी देने की धमकी दी गई है।

चौंकाने वाली बात यह है कि यह धमकी पुलिस अधीक्षक हरिशंकर यादव के सामने ही आई। शुक्रवार को दोपहर बेअंतसिंह निवासी चक4 -जेड अपने कुछ समर्थकों और जानकारों के साथ श्री यादव से मिलने पहुंचे थे। बातचीत चल ही रही थी कि उनके मोबाइल फोन पर विदेशी नंबर से लगातार व्हाट्सएप कॉल आने लगीं। श्री यादव से बात में व्यस्त होने के कारण बेअंतसिंह कॉल अटेंड नहीं कर सके। थोड़ी देर बाद उसी नंबर से धमकी भरा वॉइस मैसेज आया। मैसेज में बदमाश विशाल पचार उर्फ बबलू ने बेअंतसिंह को चुनाव न लड़ने और दो करोड़ रुपये की रंगदारी अदा करने की चेतावनी दी। साथ ही जान से मारने की खुली धमकी भी दी गई। पूरा घटनाक्रम पुलिस अधीक्षक के समक्ष ही घटा और वॉइस मैसेज उन्हें सुनाया गया। इस पर श्री यादव ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बताया कि बेअंतसिंह की रिपोर्ट के आधार पर जवाहरनगर थाने में धमकी मामला दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और गहनता और तत्परता से जांच की जाएगी। श्री यादव से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में बेअंत सिंह ने खुलासा किया कि पहली धमकी 25 अक्टूबर की रात करीब पौने नौ बजे आई थी। विदेशी नंबर से आई व्हाट्सएप कॉल में कॉलर ने खुद को बदमाश विशाल बताते हुए कहा कि चुनाव नहीं लड़ें, वरना दो करोड़ की रंगदारी देनी पड़ेगी। उसने चेतावनी दी कि-देखेंगे कैसे चुनाव लड़ते हो, लड़ा तो गोली मरवा देंगे। आज जब वह पुलिस अधीक्षक से मिलने आए तो बातचीत के दौरान फिर वही विदेशी नंबर से कॉल आई और बाद में धमकी भरा वॉइस मैसेज भी भेजा गया।

उल्लेखनीय है कि अगस्त और सितंबर में हुए स्थानीय निकाय चुनावों में भी बदमाशों की ओर से उम्मीदवारों को धमकाने के कई मामले सामने आए थे। कुछ मामलों में मामले दर्ज हुए, लेकिन धमकी देने वाले अब तक गिरफ्तार नहीं हो सके और मामलों का पूर्ण खुलासा भी नहीं हुआ। अब पंचायती राज चुनावों में भी प्रत्याशियों पर बदमाशों की धमकियों का खतरा मंडराने लगा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित