श्रीगंगानगर , नवंबर 01 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर के सदर थाना क्षेत्र में पुलिस और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त दल ने रविवार को सुबह कार्रवाई करते हुए नकली घी के कारोबार का भंडाफोड़ किया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि चौधरी कॉम्प्लेक्स में स्थित अनन्या ट्रेडिंग कंपनी और उसके गोदाम पर छापा मारकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कुल 16 हजार 394 लीटर नकली घी, बिक्री से प्राप्त राशि तीन लाख 50 हजार रुपए और घी की आपूर्ति के लिए इस्तेमाल हो रही एक मारुति वैन जब्त की। जब्त नकली घी की अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ 23 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस ने बताया कि पुलिस ने चौधरी कॉम्प्लेक्स स्थित अनन्या ट्रेडिंग कंपनी और उसके गोदाम पर सुबह छापा मारा। वहां बड़ी मात्रा में नकली घी मिलने पर चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सूचना दी गई। जिस पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी मौके पर पहुंचे और गोदाम से बड़ी मात्रा में नकली घी बरामद किया।

पुलिस अधीक्षक हरिशंकर यादव ने बताया कि आरोपियों की पहचान राम तायल (26), मुकेश (42) और विकास (24) के रूप में हुई है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित