श्रीगंगानगर , जून 08 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर के कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार करके वासुदेवनगर में पिछले हफ्ते हुई एक बड़ी चोरी की वारदात का खुलासा किया है।
पुलिस ने चोरी गयी नगदी और आभूषणों का कुछ हिस्सा बरामद कर लिया है। पिछले सप्ताह वासुदेवनगर निवासी सुमित सिडाना अपने परिवार सहित पंजाब के श्रीमुक्तसर साहिब गये हुए थे। उनके सूने पड़े मकान में रात में चोरों ने उनके घर से करीब 10 लाख रुपये नकद, डेढ़ तोला सोने के गहने और करीब 25 तोला चांदी के आभूषण चुरा लिये थे।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि इस मामले में जसप्रीत सिंह उर्फ बॉबी उर्फ करण मजहबी सिख (23) और मनप्रीतसिंह रायसिख (22) को गिरफ्तार कर लिया गया है।
दोनों आरोपी नशे के आदी हैं। नशे की लत पूरी करने के लिए वे दिन भर गलियों में घूमते रहते हैं और सूने मकानों को निशाना बनाते हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों की पहचान हुई और उन्हें गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने करीब 35 हजार रुपये नकद, आधा तोला सोना और करीब 22 तोला चांदी के गहने बरामद कर लिये हैं। चोरी गयी कुल राशि का बड़ा हिस्सा जसप्रीत सिंह ने पंजाब के होशियारपुर जिले में कहीं छुपा रखा है। पुलिस बाकी सामान बरामद करने के लिए प्रयासरत है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित