श्रीगंगानगर , मई 21 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिला कलेक्ट्रेट में कलेक्टर के चेंबर के सामने गलियारे में एक किसान के फर्श पर बैठ जाने पर तैनात महिला हवलदार द्वारा उसके साथ कथित अभद्र व्यवहार का मामला तेजी से तूल पकड़ रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसके बाद किसान संघर्ष समिति ने महिला हवलदार के निलंबन की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि 25 मई तक कार्रवाई नहीं हुई तो वे बड़े स्तर पर प्रदर्शन करेंगे।

सूत्रों ने बताया कि बुधवार को विनोद जाखड़ नामक किसान अन्य किसानों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचा था। वह गेहूं की न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद में आ रही परेशानियों के बारे में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने गया था। कलेक्टर चेंबर के बाहर गलियारे में इंतजार के दौरान विनोद जाखड़ फर्श पर बैठ गया। इसी दौरान वहां तैनात महिला हवलदार ने उसे वहां से उठने को कहा। जब किसान ने मना किया तो दोनों के बीच काफी तीखी बहस हो गई। इस बहस को किसी ने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया और सोशल मीडिया में वायरल कर दिया।

किसान संघर्ष समिति के जिलाध्यक्ष अमरसिंह बिश्नोई ने आज एक बयान जारी करके इस घटना की निंदा की। उन्होंने कहा-विनोद जाखड़ का यह अपमान बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। बिश्नोई ने महिला हवलदार के निलंबन की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि उचित कार्रवाई नहीं हुई तो किसान 25 मई को इकट्ठा होकर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में विरोध प्रदर्शन करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित