श्रीगंगानगर , जून 09 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर के जवाहरनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक कार में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक की पहचान मुकेश सुथार (32) के रूप में हुई है, जो मीरा चौक के समीप आईडीएफसी बैंक में लोन मैनेजर के पद पर कार्यरत था।

पुलिस के अनुसार रात करीब साढ़े आठ बजे मुकेश के मामा ने सूचना दी कि उनके भांजे का शव बिहानी चिल्ड्रन एकेडमी स्कूल के गेट के पास एक कार में है जो लावारिस हालत में खड़ी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। कार के शीशे तोड़कर अंदर देखा तो मुकेश की निर्जीव देह पाई गई। मुकेश सोमवार को दोपहर ढाई बजे के बाद से लापता था।

परिवार वाले लगातार उसके फोन पर संपर्क करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन फोन नहीं लग रहा था। मुकेश श्रीगंगानगर में मीरा चौक के निकट आईडीएफसी बैंक में लोन मैनेजर के रूप में काम करता था।

पुलिस के मुताबिक मृतक की कार सीएनजी से चलने वाली थी। जब पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तो गाड़ी की टंकी में सीएनजी गैस नहीं बची थी। प्रारंभिक जांच के अनुसार मुकेश सोमवार को दोपहर बाद बिहानी चिल्ड्रन एकेडमी स्कूल गेट के पास स्थित एक आइसक्रीम पार्लर के बाहर सड़क किनारे अपनी गाड़ी पार्क करके उसमें बैठा था। संभवतः इस दौरान कार में सीएनजी गैस का रिसाव शुरू हो गया। गाड़ी का सेंट्रल लॉक लगे होने और सभी शीशे-दरवाजे बंद होने के कारण गैस अंदर ही घुलती रही। इससे मुकेश बेहोश हुआ और गैस के प्रभाव से उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पूरे मामले का जायजा लिया और शव जिला अस्पताल के मुर्दाघर में सुरक्षित रखवा दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित