श्रीगंगानगर , मई 20 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर में पुरानी आबादी थाना क्षेत्र में सिकलीगर मोहल्ले में पुलिस ने बुधवार को तड़के एक मकान पर छापा मारकर अवैध हथियार बनाने की लघु फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया ।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुलिस को वहां से 12 बोर की एक हस्त निर्मित देसी पिस्तौल और हथियार बनाने का पूरा सामान बरामद हुआ है। मुख्य आरोपी रायसाहब उर्फ रायसिंह उर्फ काना पुलिस को देखते ही गली के रास्ते भाग निकला।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली कि रायसाहब कुछ दिन पहले जेल से छूटकर आया है और फिर से अवैध हथियार बनाने-बेचने का काम शुरू कर दिया है। इस गोपनीय सूचना पर पुलिस दल ने सुबह करीब छह बजे रायसाहब के घर दबिश दी। उस समय रायसाहब गली में खड़ा था। वह पुलिस देखते ही दूसरी तरफ से भाग गया।

पुलिस ने मकान की तलाशी में एक कमरे से 12 बोर का अवैध हस्त निर्मित देसी पिस्तौल, हस्त चलित ब्लोअर, हथौड़ा, ड्रिल मशीन, ग्राइंडर मशीन, बैरल बनाने के लोहे के पाइप, सरिया मोड़ने के लिए संडासी, ट्रिगर बनाने के लिए लोहे की छह पत्तियां, पांच अर्ध-निर्मित ट्रिगर, पिस्तौल के बट बनाने के लिए लोहे की चद्दरों के टुकड़े और अन्य हथियार निर्माण सामग्री बरामद हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित