श्रीगंगानगर , जून 19 -- राजस्थान में राज्य सरकार ने श्रीगंगानगर में नगर विकास न्यास (यूआईटी) में लंबे समय से चली आ रही शिकायतों और कथित अनियमितताओं पर सख्त कार्रवाई करते हुए पांच अधिकारियों, कर्मचारियों को निलम्बित कर दिया है।
आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि आज मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की बैठक के तुरंत बाद नगर विकास न्यास के सचिव अशोक कुमार असीजा, सहायक अभियंता संदीप वर्मा, पटवारी रतनलाल और दो कर्मचारी जितेंद्र सिंह और सुनील कुमार को निलंबित कर दिया गया। इन सभी पर विभिन्न प्रकार की शिकायतों की प्रारंभिक जांच में दोषी पाए जाने का आरोप है।
नगर विकास न्यास के सचिव अशोक कुमार असीजा करीब डेढ़ वर्ष से इस पद पर कार्यरत थे। उनके कार्यकाल में लगातार शिकायतें राज्य सरकार और जिला प्रशासन को प्राप्त होती रहीं। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आज राज उन्नति संबंधी उच्च स्तरीय बैठक में श्रीगंगानगर सहित अन्य शहरों के अधिकारियों को लताडा। बैठक के कुछ देर बाद ही उप शासन सचिव लेखराज सैनी ने विभागीय जांच विचाराधीन होने का हवाला देते हुए अशोक कुमार असीजा सहित अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों के निलंबन के आदेश जारी कर दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित