श्रीगंगानगर , अक्टूबर 22 -- राजस्थान के श्रीगंगानगर में दी गंगानगर ट्रेडर्स एसोसिएशन ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर राजस्थान खाद्य पदार्थ व्यापार संघ के अध्यक्ष बाबूलाल गुप्ता को गुरुवार को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के दौरान कच्चा आढ़तिया संघ के पूर्व अध्यक्ष कुलदीप कासनिया ने दी गंगानगर ट्रेडर्स एसोसिएशन का प्रतिनिधित्व करते हुए व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने प्रदेश नेतृत्व से इन समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी पहल करने और संबंधित अधिकारियों के समक्ष व्यापारियों का पक्ष मजबूती से रखने का अनुरोध किया। एसोसिएशन ने लंबे समय से दुकानों से वंचित पात्र व्यापारियों को भूखंड आवंटित करने की मांग उठाई। एसोसिएशन का कहना है कि वर्षों से भूखंड आवंटन की प्रतीक्षा कर रहे व्यापारियों की समस्या का न्यायसंगत समाधान किया जाना चाहिए। ज्ञापन में गेहूं की सरकारी खरीद पर व्यापारियों को मिलने वाली कम आढ़त का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। एसोसिएशन ने कहा कि सरकारी खरीद प्रक्रिया में व्यापारी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उन्हें खरीद कार्य के दौरान विभिन्न जिम्मेदारियों और खर्चों का निर्वहन करना पड़ता है। ऐसे में उनकी मेहनत, लागत और जिम्मेदारियों को ध्यान में रखते हुए उचित आढ़त मिलनी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित