श्रीगंगानगर , जून 26 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के जैतसर थाना क्षेत्र में पुलिस ने शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी के एक बड़े नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए करीब 10 किलो हेरोइन बरामद की है।
पुलिस सूत्रोंं के मुताबिक इस मामले में पांच तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए सभी आरोपी पंजाब के बताए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि देर शाम चक 5-जीबी की पुलिया के पास पुलिस दल ने दो तस्करों का पीछा किया। तस्करों ने पुलिस से बच निकलने की कोशिश में अपनी गाड़ी से पुलिस के वाहन में टक्कर मार दी, लेकिन पुलिस की सतर्कता और तेजी के कारण दोनों को सफलतापूर्वक दबोंच लिया गया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि समेजा कोठी थाना क्षेत्र में सीमा क्षेत्र में पाकिस्तानी तस्करों ने ड्रोन के जरिए हेरोइन की एक बड़ी खेप गिराई थी। ये तस्कर यह खेप उठाकर पंजाब ले जा रहे थे।
इस खुलासे के बाद पुलिस ने समेजा कोठी के अलावा श्रीविजयनगर और अनूपगढ़ थाना क्षेत्रों में भी तलाशी अभियान शुरू कर दिया। इसी दौरान अलग-अलग जगहों से तीन अन्य तस्करों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। कुल पांच आरोपियों से करीब 10 किलो हेरोइन बरामद की गई।
पुलिस अधीक्षक हरिशंकर यादव ने देर रात बताया कि यह कार्रवाई अब भी जारी है। समेजा कोठी थाना क्षेत्र में तस्करों को स्थानीय स्तर पर मदद करने वाले व्यक्तियों की भी पहचान की जा रही है और उन्हें पकड़ने के लिए छापेमारी चल रही है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस बरामद हेरोइन की अनुमानित कीमत करीब 50 करोड़ रुपये बतायी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित