श्रीगंगानगर , अक्टूबर 01 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले में गाय के दूध का भाव 80 रुपये और भैंस के दूध का 100 रुपये प्रति किलो तय करने और पशु आहार में कथित कालाबाजारी रोकने की मांग को लेकर जिले के दुग्ध उत्पादक किसानों और पशुपालकों की हड़ताल गुरुवार से शुरु हो गयी।

रायसिंहनगर, श्रीकरणपुर, अनूपगढ़ और सादुलशहर सहित कई जगहों पर डेयरियाँ बंद रहीं और दूध की आपूर्ति बाधित हुई। हड़ताल में शामिल न होने वाले विक्रेताओं की टंकियाँ रोककर सड़क पर दूध उड़ेले जाने और उनसे मारपीट के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

रायसिंहनगर में सुबह आक्रोशित उत्पादकों ने चोरी-छिपे दूध ले जा रहे लोगों को रोका, टंकियाँ छीनकर दूध सड़क पर बहा दिया। स्थानीय लोगों ने ऐसा न करने के अनुरोध पर भी विवाद नहीं थमा। उपभोक्ताओं में नाराजगी दिखी और प्रशासन से जल्द समाधान की मांग उठी।

श्रीकरणपुर में बुधवार रात गांधी पार्क के पास उत्पादकों और विक्रेताओं के बीच गाली-गलौज के बाद मारपीट हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। दोनों पक्षों ने थाने में परिवाद दिये जिनकी जाँच चल रही है।

अनूपगढ़ में हड़ताल तीन दिन के लिए शुरू हुई। शहर की कई डेयरियों पर दूध नहीं पहुंचा। सादुलशहर में भी आपूर्ति प्रभावित रही।

श्रीगंगानगर शहर में कुछ स्थानों पर दूध की आपूर्ति करने वाले वाहनों को रोकने के मामले सामने आये। कुछ जगहों पर रोका गया दूध मंदिर-गुरुद्वारा जैसे धार्मिक स्थलों को दिए जाने की भी बात कही जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित