श्रीगंगानगर , अक्टूबर 26 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर मेंं जिला पुलिस ने अवैध नशीले पदार्थों के तस्करों के खिलाफ सोमवार को एक विशेष और सघन अभियान चलाकर मादक पदार्थ बरामद किये।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि एक किलो 100 ग्राम अफीम, 15 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और 16 किलो 590 ग्राम डोडा पोस्त चुरा बरामद किया गया है। इस दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 19 संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधीक्षक हरीशंकर ने बताया कि जवाहरनगर थाना क्षेत्र में पुलिस दल ने गश्त के दौरान अजय (28) से एक किलो अवैध अफीम बरामद की। वहीं अनूपगढ़ थाना क्षेत्र में मनोज कुमार (29) से 100 ग्राम अफीम बरामद की।
उन्होंने बताया कि सादुलशहर थाना क्षेत्र में ममता (35) से 15 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद किया। सूरतगढ़ थाना क्षेत्र में पंजाब के अमृतसर जिले के झीतेकलां थाना चिटीविण्ड निवासी अवतारसिंह (67) से 16 किलो 590 ग्राम डोडा पोस्त चुरा बरामद किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित