श्रीगंगानगर , जून 06 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर के 23 वर्षीय युवा लेफ्ट आर्म स्पिनर मानव सुथार ने भारतीय टेस्ट टीम में शामिल होकर राजस्थान क्रिकेट का गौरव बढ़ाया है।
मुल्लांपुर (चंडीगढ़) के महाराजा यादविंद्रसिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में अफगानिस्तान के खिलाफ खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच में कुलदीप यादव ने उन्हें डेब्यू कैप पहनाकर टीम में शामिल किया।
यह उपलब्धि मानव के लिए सपनों का सच बन गयी है और पूरे श्रीगंगानगर एवं राजस्थान के लिए गर्व का क्षण है। वह राजस्थान से टेस्ट मैच खेलने वाले पांचवें भारतीय खिलाड़ी बन गये हैं। इससे पहले हनुमंतसिंह, सलीम दुर्रानी, पार्थ सारथी शर्मा और पंकज सिंह (2014) यह सम्मान हासिल कर चुके हैं। बारह वर्ष के लंबे इंतजार के बाद राजस्थान को एक और टेस्ट खिलाड़ी मिलने से क्रिकेट प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गयी है।
मानव सुथार का जन्म तीन अगस्त 2002 को श्रीगंगानगर में हुआ था। उनके पिता जगदीश सुथार स्कूल शिक्षक हैं जबकि मां सुशीला देवी गृहिणी हैं। जिला क्रिकेट संघ के सचिव विनोद सहारण ने बताया कि घरेलू क्रिकेट में मानव ने 29 प्रथम श्रेणी मैचों में 129 विकेट चटकाए हैं। दलीप ट्रॉफी में डेब्यू मैच में ही 49 रन देकर सात विकेट लेकर उन्होंने सबका ध्यान खींच लिया था।
भारत ए टीम के लिए चार मैचों में 17 विकेट लेने के अलावा मानव आईपीएल में गुजरात टाइटंस की टीम का हिस्सा भी रह चुके हैं। वह केवल स्पिन गेंदबाजी ही नहीं बल्कि निचले क्रम के उपयोगी बल्लेबाज भी हैं और उन्हें बॉलिंग ऑलराउंडर के रूप में देखा जाता है। 2023 वर्ल्ड कप कैंप में रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गजों को प्रभावित करने के साथ ही ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ शानदार प्रदर्शन ने उनके चयन की राह आसान की।
उनके कोच धीरज शर्मा का हमेशा मानना रहा है कि भारत के लिए रास्ता रेड बॉल क्रिकेट से होकर जाता है। गौतम गंभीर की कोचिंग वाली टीम में चौथे स्पिनर के रूप में मानव को यह मौका मिला है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित