श्रीगंगानगर , मई 19 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर के क्रिकेट इतिहास में मंगलवार को एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया जब उदीयमान लेफ्ट-आर्म स्पिनर मानव सुथार को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अफगानिस्तान के खिलाफ आगामी एकमात्र टेस्ट मैच के लिए भारतीय टेस्ट टीम में शामिल किया है।
यह उनकी पहली भारतीय टेस्ट टीम में जगह है और वह श्रीगंगानगर जिले के पहले खिलाड़ी बन गए हैं जिन्हें टेस्ट क्रिकेट का सम्मान मिला है।
मानव सुथार एक कलात्मक स्पिनर हैं जो गेंद को फ्लाइट, टर्न और गत विविधता के जरिए बल्लेबाजों को परेशान करने में माहिर हैं। वह निचले क्रम के उपयोगी बल्लेबाज भी हैं और खुद को एक सक्षम गेंदबाजी ऑलराउंडर के रूप में स्थापित कर चुके हैं। तीन अगस्त 2002 को जन्में मानव फिलहाल आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस की टीम की ओर से खेल रहे हैं।
मानव सुथार ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करके राष्ट्रीय टीम तक का सफर तय किया है। वर्ष 2022-23 रणजी ट्रॉफी सीजन में राजस्थान के लिए छह मैचों में 39 विकेट लेकर वह टीम के सबसे सफल गेंदबाज साबित हुए थे। उन्होंने इस दौरान दो अर्धशतक भी जड़े। दलीप ट्रॉफी 2024 में इंडिया सी के लिए इंडिया डी के खिलाफ एक पारी में सात विकेट (7/49) लेकर उन्होंने पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींचा।
श्रीगंगानगर जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव विनोद सहारण ने इस खुशखबरी की पुष्टि की। उनके कोच धीरज शर्मा, पिता जगदीश सुथार स्कूल शिक्षक और पूरे परिवार में इस उपलब्धि पर खुशी का माहौल है। शहर भर में मानव को बधाइयों का तांता लग गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित