श्रीगंगानगर , सितम्बर 14 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के स्थानीय निकाय चुनाव में सोमवार को श्रीकरणपुर विधानसभा क्षेत्र की चार नगरपालिकाओं-पदमपुर, श्रीकरणपुर, केसरीसिंहपुर और गजसिंहपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के बीच बराबरी का मुकाबला देखने को मिला।

अधिकृत जानकारी के अनुसार दो बड़ी और प्रभावशाली नगरपालिकाओं पदमपुर एवं श्रीकरणपुर में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिला, जबकि दो छोटी पालिकाओं केसरीसिंहपुर और गजसिंहपुर में कांग्रेस ने कब्जा जमाया।

इन नतीजों का सबसे बड़ा राजनीतिक संदेश यह निकला कि भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री सुरेंद्रपालसिंह टीटी अपने गृह क्षेत्र में राजनीतिक वजूद संभालने में सफल रहे। वहीं कांग्रेस के युवा विधायक और हाल ही में जिलाध्यक्ष बनाए गए रूपेंद्रसिंह रूबी के लिए यह चुनाव मिश्रित परिणाम वाला साबित हुआ।

पदमपुर नगरपालिका के 25 वार्डों में भाजपा ने 13 और कांग्रेस ने 12 वार्ड जीते। मतदाताओं ने ज्यादातर जगह पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवारों पर भरोसा जताया। श्रीकरणपुर नगरपालिका के 25 वार्डों में भाजपा को 14 और कांग्रेस को नौ वार्ड मिले। दो वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवार जीते, जिनमें से एक भाजपा समर्थित माना जा रहा है। इस तरह भाजपा के पास प्रभावी रूप से 15 पार्षद हो गए हैं। इससे पहले यहां कांग्रेस का बोर्ड था।

केसरीसिंहपुर की 20 सीटों में कांग्रेस ने 13, भाजपा ने पांच और निर्दलीयों ने दो वार्ड जीते। यहां कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रामकुमार जांदू की पुत्रवधू आकांक्षा चौधरी पार्षद चुनी गई हैं। उनके अध्यक्ष बनने की सबसे प्रबल संभावना है। खास बात यह रही कि भाजपा के कई उम्मीदवार बहुत कम अंतर-कुछ जगह 10 वोट से भी कम से हारे।

गजसिंहपुर में कांग्रेस ने 20 में से 17 वार्ड जीतकर प्रचंड बहुमत हासिल किया। भाजपा को महज दो वार्ड मिले। हालांकि कांग्रेस की तरफ से पालिकाध्यक्ष पद के प्रमुख दावेदार मेघराज खत्री वार्ड नंबर 20 से हार गए। दूसरी तरफ भाजपा के दावेदार गौरव सोनी जीत गए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित