बैतूल , सितंबर 17 -- स्वाद के साथ सेहत और स्वच्छता को बढ़ावा देने की दिशा में बैतूल में नई पहल शुरू हुई है। श्री नैवेद्यम रसोई में श्रीअन्न से तैयार विभिन्न स्वाद के केक के साथ घर जैसे पारंपरिक व्यंजन उपलब्ध कराए जाएंगे।
रसोई की संचालिका प्रमिला धोत्रे ने कलेक्टर डॉ. सौरभ सोनवणे से मुलाकात कर श्रीअन्न से तैयार केक और अन्य व्यंजनों की जानकारी दी। कलेक्टर ने पहल की सराहना करते हुए कहा कि श्रीअन्न से केक और खाद्य सामग्री तैयार करना जिले में नई पहल है। उन्होंने स्वच्छता पर ध्यान देने के प्रयास की भी सराहना की।
इसके बाद श्रीमती धोत्रे ने पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन से मुलाकात कर रसोई की जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक ने इसे महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे से भी मुलाकात की।
रसोई में दाल-बाफले, पुरण पोली, बड़ा पाव, मोदक, लड्डू सहित कई व्यंजन तैयार किए जाएंगे। संचालिका ने बताया कि उनका उद्देश्य लोगों तक घर के स्वाद के साथ पौष्टिक भोजन पहुंचाना है। साथ ही श्रीअन्न को रोजमर्रा के खान-पान से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इस दौरान प्रत्याशा फाउंडेशन की तूलिका पचौरी और निमिषा शुक्ला मौजूद रहीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित