श्रावस्ती , सितम्बर 17 -- उत्तर प्रदेश के जनपद श्रावस्ती के थाना नवीन मॉडर्न पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के मामले में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को ग्राम मुस्काबाद मोड़ से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध श्रावस्ती और बलरामपुर जिलों के विभिन्न थानों में हत्या, लूट, चोरी, माल की बरामदगी तथा अन्य आपराधिक धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रिजवान पुत्र समीउल्ला, निवासी टेगनहिया मानकोट, थाना कोतवाली देहात, जनपद बलरामपुर के रूप में हुई है। उसके विरुद्ध नवीन मॉडर्न पुलिस थाना श्रावस्ती में मुकदमा संख्या 103/2026 के तहत धारा 3(1) उत्तर प्रदेश गैंगस्टर एक्ट में मामला दर्ज है और वह इस मामले में वांछित चल रहा था। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

अभियुक्त के आपराधिक इतिहास के अनुसार उसके विरुद्ध वर्ष 2023 में बलरामपुर जिले के महाराजगंज तराई और हर्रैया थानों में हत्या, लूट, चोरी के माल की बरामदगी एवं माल के अवैध कारोबार से संबंधित मुकदमे दर्ज हुए थे। इसके अलावा श्रावस्ती के इकौना थाने में चोरी और चोरी का माल बरामद होने से संबंधित मामला दर्ज है।

पुलिस अभिलेखों के अनुसार वर्ष 2026 में नवीन मॉडर्न पुलिस थाना श्रावस्ती में भी अभियुक्त के विरुद्ध अलग-अलग धाराओं में दो मामले दर्ज हुए, जिनमें एक मामला आपराधिक गतिविधियों तथा दूसरा मामला जानलेवा हमले, धमकी और आर्म्स एक्ट से संबंधित है। इन्हीं आपराधिक मामलों के आधार पर उसके विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी।

इस संबंध में थानाध्यक्ष जय हरि मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त को आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद संबंधित न्यायालय श्रावस्ती के समक्ष पेश करने के लिए रवाना किया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष जयहरी मिश्रा समेत उपनिरीक्षक अम्बेडकर, मुख्य आरक्षी दिनेश कुमार तथा आरक्षी देवेन्द्र यादव और सुरेन्द्र यादव शामिल रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित