श्रावस्ती , जुलाई 08 -- उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-730 पर एक भीषण सड़क दुर्घटना में बाइक सवार राजमिस्त्री की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। इकौना थाना प्रभारी परमानंद तिवारी ने बुधवार को बताया कि नवीन मॉर्डन थाना क्षेत्र के लोहनिया गांव निवासी रमेश (30) तथा दौलत राम बीती रात सीताद्वार गांव में आयोजित एक शादी समारोह से मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। रात करीब 11 से 12 बजे के बीच इकौना थानाक्षेत्र अंतर्गत मोहनीपुर पेट्रोल पंप के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-730 पर एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

उन्होंने बताया कि हादसे के समय हल्की बारिश और अंधेरा होने के कारण वाहन चालक मौके से फरार हो गया। दुर्घटना के बाद दोनों युवक सड़क पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े रहे। राहगीरों की सूचना पर डायल-112 पुलिस और 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची तथा दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने रमेश को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल दौलत राम की हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फरार वाहन एवं चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित