श्रावस्ती , मार्च 03 -- उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले में कई दिनों से लापता एक विवाहित युवती का शव जंगल में जली एवं क्षत-विक्षत अवस्था में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार थाना मल्हीपुर क्षेत्र अंतर्गत हरदत्त नगर गिरंट जंगल के पास लापता हुई अंजलि मिश्रा (25) का शव मंगलवार को थाना क्षेत्र के ककरदरी जंगल में बरामद किया गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। घटना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी सहित भारी पुलिस बल तैनात किया गया और फील्ड यूनिट द्वारा साक्ष्य संकलन किया गया।

बताया गया कि 19 फरवरी को मृतका घर से किसान यूनियन की बैठक में शामिल होने के लिए भिनगा गई थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों द्वारा खोजबीन के बाद थाना मल्हीपुर में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। प्रारंभिक जांच में मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) के आधार पर युवती की अंतिम लोकेशन परसा डेहरिया क्षेत्र के आसपास पाई गई। पुलिस के मुताबिक मृतका की आखिरी बार फोन पर बातचीत सूरज वर्मा नामक युवक से हुई थी तथा दोनों के मोबाइल फोन की अंतिम लोकेशन एक ही स्थान पर पाई गई।

क्षेत्राधिकारी भिनगा सतीश कुमार शर्मा ने बताया कि 19 फरवरी को गुमशुदगी दर्ज की गई थी और मंगलवार को ककरदरी जंगल से शव बरामद हुआ। मृतका के पति संतोष मिश्रा की तहरीर पर नामित आरोपी सूरज वर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद मृत्यु के कारणों की स्पष्ट पुष्टि हो सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित