श्रावस्ती , जुलाई 09 -- उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले में एंटी करप्शन संगठन की गोंडा इकाई ने कृषि विभाग में तैनात एक कनिष्ठ लिपिक को बीज लाइसेंस बनवाने के नाम पर पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मिली जानकारी के अनुसार, भिनगा कोतवाली क्षेत्र के शिवाजीपुरम निवासी अजय कुमार ने एंटी करप्शन संगठन से शिकायत की थी कि बीज लाइसेंस जारी करने के एवज में कृषि विभाग के बीज पटल पर तैनात कनिष्ठ लिपिक युगुल किशोर अवस्थी द्वारा पांच हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है।

शिकायत का सत्यापन होने के बाद एंटी करप्शन टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। गुरुवार दोपहर शिकायतकर्ता द्वारा जैसे ही आरोपी को रिश्वत की राशि सौंपी गई, पहले से मौजूद टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी युगुल किशोर अवस्थी मूल रूप से बहराइच जिले का निवासी बताया गया है। हाल ही में उसका तबादला बहराइच से श्रावस्ती हुआ था, जहां उसे बीज पटल का प्रभार सौंपा गया था। विभागीय सूत्रों के अनुसार वह अन्य कई पटलों का कार्य भी देख रहा था।

गिरफ्तारी के बाद एंटी करप्शन टीम आरोपी को अपने साथ ले गई। उसके विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि श्रावस्ती कृषि विभाग में रिश्वतखोरी का यह पहला मामला नहीं है। इससे पूर्व भी विभाग के एक कर्मचारी के विरुद्ध एंटी करप्शन संगठन कार्रवाई कर चुका है। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों से विभागीय कार्यप्रणाली की पारदर्शिता और जवाबदेही पर सवाल उठ रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित