श्रावस्ती , मई 14 -- उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले में राप्ती नदी में डूबने से दो किशोरों की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है, जबकि राहत एवं बचाव दल के देर से पहुंचने पर ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार इकौना थाना क्षेत्र के मलौना खासियरी गांव निवासी विकास (13) तथा विक्की उर्फ शिवांश (17) गुरुवार को गांव के पास राप्ती नदी किनारे भैंस चराने गए थे। तेज गर्मी के कारण दोनों किशोर नदी में नहाने उतर गए। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक दोनों नदी में समा चुके थे।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों तथा स्थानीय गोताखोरों की मदद से चलाए गए तलाश अभियान के बाद दोनों किशोरों के शव नदी से बाहर निकाले गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी इकौना आलोक कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। स्थानीय गोताखोरों की सहायता से दोनों शव बरामद कर लिए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों किशोर नहाते समय गहरे पानी में चले गए थे, जिससे हादसा हुआ।

घटना के दौरान आपदा राहत कर्मियों के देर से पहुंचने को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों का कहना था कि यदि बचाव दल समय पर पहुंच जाता तो संभवतः बच्चों की जान बचाई जा सकती थी। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे एकत्र हो गए और प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित