श्रावस्ती , मार्च 01 -- उत्तर प्रदेश में श्रावस्ती जिले के भिनगा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत तिवारी पुरवा गांव में रविवार को झाड़ियों में एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पीतांबर (35) पुत्र सागर निवासी तिवारी पुरवा के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि वह शनिवार शाम करीब चार बजे गांव से साइकिल मांगकर घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। काफी तलाश के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिला।
रविवार सुबह गांव के पास जंगल की ओर झाड़ियों में उनका शव साइकिल समेत पड़ा मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलित कराए। मृतक की पत्नी कृष्णावती ने बताया कि देर रात तक घर न लौटने पर परिवार चिंतित था और खोजबीन जारी थी। रविवार सुबह सूचना मिली कि वह रास्ते में मृत अवस्था में पड़े हैं। वहीं कहलवा के पूर्व प्रधान अब्दुल हाशिम ने बताया कि मौके पर पहुंचने पर पीतांबर साइकिल के नीचे दबे मिले।
अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश चंद्र उत्तम ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फॉरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य जुटाए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित