श्रावस्ती, मार्च 18 -- त्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले में बेखौफ बदमाशों ने एक सर्राफा व्यापारी पर जानलेवा हमला करके सोने-चांदी के जेवरात लूटकर फरार हो गये।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार भिनगा कोतवाली क्षेत्र के सिसवा गांव में सर्राफा व्यापारी अंकित सोनी मंगलवार देर शाम अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया। बताया जाता है कि हमलावरों ने अंकित सोनी पर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ प्रहार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। इसके बाद बदमाश उनके पास मौजूद सोने-चांदी के जेवरात लूटकर फरार हो गए।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घायल व्यापारी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। चिकित्सकों के अनुसार सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं।
इस वारदात ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय व्यापारियों ने घटना को लेकर रोष जताते हुए पुलिस गश्त बढ़ाने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
अंकित सोनी ने बताया कि बदमाशों ने अचानक हमला कर उन्हें संभलने का मौका तक नहीं दिया और मारपीट के बाद जेवरात लूटकर फरार हो गए।
इस घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या जिले में व्यापारी अब सुरक्षित नहीं हैं और क्या अपराधियों के हौसले पुलिस पर भारी पड़ रहे हैं। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस कब तक आरोपियों को गिरफ्तार कर इस सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश कर पाती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित