श्रावस्ती , मार्च 23 -- उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले में नाबालिग लड़की को शादी के इरादे से बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी इकौना भरत पासवान ने बताया कि 11 मार्च को पीड़िता की मां ने थाना सोनवा में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि रिसिया क्षेत्र में बहुबुलिया गांव निवासी फिरोज ने अपने साथियों के सहयोग से उसकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर भगा लिया। विरोध करने पर आरोपी ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी। बाद में आरोपी लड़की को छोड़कर फरार हो गया।
उन्होंने बताया कि तहरीर के आधार पर थाना सोनवा में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान साक्ष्य मिलने पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 87, पॉक्सो एक्ट की धारा 11/12 तथा एससी/एसटी एक्ट की धाराएं बढ़ाई गईं। इसके बाद आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज किए गए।
इसी क्रम में थानाध्यक्ष विसुनदेव पाण्डेय के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर गौरीडिहवा मोड़, बहदग्राम तुलसीपुर के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी है और उसके खिलाफ थाना सोनवा में पूर्व में भी एक मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक अरुण कुमार सिंह, कांस्टेबल विवेक सिंह तथा कांस्टेबल विपिन कुमार शामिल रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित