उज्जैन , अगस्त 02 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन में श्रावण माह तथा सोमवार को भगवान श्री महाकाल की शाही सवारी के अवसर पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से उज्जैन पुलिस ने व्यापक स्तर पर सघन जांच एवं सत्यापन अभियान चलाया है।

पुलिस द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, क्राइम ब्रांच, महाकाल थाना एवं देवास गेट थाना पुलिस की संयुक्त टीमों ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, डेरे, होटल, लॉज तथा अन्य सार्वजनिक एवं संवेदनशील स्थानों पर गहन जांच और सत्यापन की कार्रवाई की।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि अभियान के दौरान कुल 21 संदिग्ध व्यक्तियों को पूछताछ के लिए अभिरक्षा में लिया गया है। सभी से विस्तृत पूछताछ की जा रही है तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, शांतिपूर्ण दर्शन व्यवस्था एवं शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार सतर्कता बरती जा रही है। असामाजिक एवं संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा रही है तथा सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए इस प्रकार के सघन जांच एवं सत्यापन अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित