गोरखपुर , अगस्त 1 -- उत्तर प्रदेश में गोरखपुर महानगर में श्रावण मास के दौरान कांवड़ यात्रा और जलाभिषेक को सुचारु एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए विशेष ट्रैफिक डायवर्जन व्यवस्था लागू की गई है। यह व्यवस्था सावन के प्रत्येक सोमवार यानी 3, 10, 17 और 24 अगस्त को प्रभावी रहेगी।
आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को बताया कि प्रत्येक रविवार सुबह छह बजे से सोमवार रात 12 बजे तक अथवा कांवड़ यात्रा की समाप्ति तक यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। यातायात व्यवस्था के तहत महादेव झारखंडी मंदिर (थाना एम्स क्षेत्र), मुक्तेश्वरनाथ मंदिर (हरबर्ट बंधा) और मोटेश्वरनाथ मंदिर (पिपराइच क्षेत्र) के आसपास विशेष रूट डायवर्जन किया गया है।
महादेव झारखंडी मंदिर की ओर जाने वाले भारी वाहनों को देवरिया बाईपास से डायवर्ट कर हनुमान मंदिर बाईपास और सिक्टौर मार्ग से उनके गंतव्य की ओर भेजा जाएगा। वहीं कुड़ाघाट की ओर से आने वाले भारी वाहनों को एयरपोर्ट पुलिस चौकी की तरफ मोड़कर जादिशपुर कॉलोनी मार्ग से निकाला जाएगा। मुक्तेश्वरनाथ मंदिर, हरबर्ट बंधा क्षेत्र में टीपी नगर की ओर जाने वाले भारी वाहनों को ओवरब्रिज के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा, ताकि कांवड़ यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसी प्रकार मोटेश्वरनाथ मंदिर, पिपराइच क्षेत्र में पादरी बाजार से आने वाले भारी वाहनों को मोहितपुर मार्ग की ओर तथा सरैया बाजार चौराहे से पिपराइच रोड की ओर जाने वाले वाहनों को बरगदही मार्ग से भेजा जाएगा।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि निर्धारित ट्रैफिक डायवर्जन का पालन करें तथा वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित