उज्जैन , जुलाई 28 -- पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल ने श्रावण मास में महाकाल दर्शन और अन्य धार्मिक यात्राओं के दौरान बढ़ने वाली यात्री संख्या को देखते हुए उज्जैन और भोपाल के बीच तीन जोड़ी अनारक्षित मेला स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि गाड़ी संख्या 09305/09306 उज्जैन-संत हिरदाराम नगर-उज्जैन मेला स्पेशल का संचालन 28 जुलाई से आठ सितंबर तक किया जाएगा। गाड़ी संख्या 09305 प्रतिदिन सुबह 9 बजे उज्जैन से रवाना होकर दोपहर 1:30 बजे संत हिरदाराम नगर पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 09306 प्रतिदिन दोपहर 2:20 बजे संत हिरदाराम नगर से प्रस्थान कर शाम 7:30 बजे उज्जैन पहुंचेगी। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में तराना रोड, मक्सी, बेरछा, कालीसिंध, अकोदिया, शुजालपुर, कालापीपल और सीहोर स्टेशनों पर ठहरेगी।
उन्होंने बताया कि गाड़ी संख्या 09307/09308 उज्जैन-भोपाल-उज्जैन मेला स्पेशल का संचालन भी 28 जुलाई से आठ सितंबर तक किया जाएगा। गाड़ी संख्या 09307 प्रतिदिन रात 9 बजे उज्जैन से रवाना होकर अगले दिन रात 2:20 बजे भोपाल पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 09308 का संचालन 29 जुलाई से नौ सितंबर तक होगा। यह ट्रेन प्रतिदिन रात 3:10 बजे भोपाल से रवाना होकर सुबह 8 बजे उज्जैन पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में यह ट्रेन तराना रोड, मक्सी, बेरछा, कालीसिंध, अकोदिया, शुजालपुर, कालापीपल, सीहोर तथा संत हिरदाराम नगर स्टेशनों पर ठहरेगी।
इसी प्रकार गाड़ी संख्या 09313/09314 उज्जैन-संत हिरदाराम नगर-उज्जैन मेला स्पेशल का संचालन 28 जुलाई से आठ सितंबर तक किया जाएगा। गाड़ी संख्या 09313 प्रतिदिन शाम 4 बजे उज्जैन से प्रस्थान कर रात्रि 12:10 बजे संत हिरदाराम नगर पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 09314 का संचालन 29 जुलाई से नौ सितंबर तक होगा। यह ट्रेन प्रतिदिन रात्रि 1 बजे संत हिरदाराम नगर से रवाना होकर सुबह 6 बजे उज्जैन पहुंचेगी। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में तराना रोड, मक्सी, बेरछा, कालीसिंध, अकोदिया, शुजालपुर, कालापीपल और सीहोर स्टेशनों पर ठहरेगी।
रेलवे के अनुसार श्रावण मास में महाकाल दर्शन और अन्य धार्मिक यात्राओं के दौरान यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इन अनारक्षित मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है, जिससे अतिरिक्त यात्री भार का सुचारु प्रबंधन किया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित