महराजगंज , जुलाई 28 -- उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में 30 जुलाई से प्रारंभ हो रहे श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था की व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। नेपाल सीमा से सटे प्रमुख शिव मंदिरों पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी तथा सीमा क्षेत्र में सघन निगरानी रखी जाएगी।
पुलिस के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था के तहत 11 निरीक्षक/थानाध्यक्ष, 35 उपनिरीक्षक, 14 महिला उपनिरीक्षक, 44 मुख्य आरक्षी, 141 आरक्षी, 45 महिला आरक्षी, 15 यातायात पुलिसकर्मी, एक प्लाटून पीएसी, दो एफटी तथा एक एपी गार्ड की तैनाती की गई है।
श्रावण मास के दौरान थाना ठूठीबारी क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध पंचमुखी इटहिया शिव मंदिर तथा कोतवाली क्षेत्र के प्राचीन शिव मंदिर कटहरा सहित जिले के प्रमुख शिवालयों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। नेपाल सीमा से सटे होने के कारण पंचमुखी इटहिया शिव मंदिर में उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। प्रत्येक सोमवार तथा श्रावण शिवरात्रि पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में मंदिर परिसरों, कांवड़ मार्गों, मेला क्षेत्रों, बाजारों, पार्किंग स्थलों, जलाभिषेक मार्गों तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। संपूर्ण व्यवस्था की निगरानी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी करेंगे।
मंदिर परिसर एवं कांवड़ मार्गों पर नियमित गश्त के साथ सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों के माध्यम से रियल टाइम निगरानी की जाएगी। भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग, अलग-अलग प्रवेश एवं निकास मार्ग तथा सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यूपी-112 एवं स्थानीय पुलिस की पेट्रोलिंग संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ा दी गई है और रिस्पांस टाइम की नियमित मॉनिटरिंग होगी। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों और सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं की सघन जांच के साथ अराजक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी तथा आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया एवं मीडिया सेल को सक्रिय रखा गया है, ताकि किसी भी अफवाह का तत्काल खंडन कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा सके। रेलवे, स्वास्थ्य, नगर निकाय, विद्युत, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं।
मंदिर परिसरों में एंटी-सैबोटाज जांच, होटल-ढाबों एवं दुकानों पर रेट लिस्ट का प्रदर्शन तथा ओवरचार्जिंग रोकने के लिए संबंधित विभागों के साथ संयुक्त अभियान चलाया जाएगा। आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए मॉक ड्रिल, रिहर्सल, एंबुलेंस, क्रेन तथा अन्य आपातकालीन संसाधनों की भी व्यवस्था की गई है। नेपाल सीमा और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष चौकसी के साथ सघन चेकिंग जारी रहेगी।
महराजगंज पुलिस ने श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों से प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्गों एवं दिशा-निर्देशों का पालन करने, अनुशासन बनाए रखने, सुरक्षित वाहन संचालन करने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम पुलिसकर्मी अथवा डायल-112 पर देने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित