उज्जैन , अगस्त 03 -- मध्यप्रदेश की धार्मिक नगरी उज्जैन में श्रावण मास के प्रथम सोमवार को विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान श्री महाकालेश्वर मनमहेश स्वरूप में भव्य नगर भ्रमण पर निकले। सवारी मार्ग पर आठ लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के अनुसार सवारी प्रारंभ होने से पूर्व मंदिर के सभामंडप में भगवान श्री महाकालेश्वर का षोडशोपचार पूजन-अर्चन एवं आरती संपन्न कराई गई। इसके बाद लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया, उज्जैन विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रवि सोलंकी, महानिर्वाणी अखाड़ा के महंत विनीतगिरि महाराज, संभागायुक्त आशीष सिंह, कलेक्टर एवं मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष रौशन कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा तथा अन्य अधिकारियों ने पूजन-अर्चन किया।

पूजन के पश्चात भगवान महाकाल पालकी में विराजमान होकर नगर भ्रमण के लिए निकले। मंदिर के मुख्य द्वार पर सशस्त्र पुलिस बल ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। सवारी श्री महाकालेश्वर मंदिर से गुदरी चौराहा, बक्षी बाजार, कहारवाड़ी होते हुए रामघाट पहुंची, जहां मां क्षिप्रा के पावन जल से भगवान मनमहेश का विशेष पूजन किया गया। इसके बाद सवारी रामानुज कोट, मोढ़ की धर्मशाला, कार्तिक चौक, खाती समाज मंदिर, सत्यनारायण मंदिर, ढाबा रोड, टंकी चौराहा, छत्री चौक, गोपाल मंदिर, पटनी बाजार और गुदरी बाजार से होकर पुनः मंदिर पहुंची।

मंदिर प्रबंध समिति ने बताया कि इस वर्ष प्रत्येक सोमवार की सवारी अलग-अलग थीम पर आधारित है। प्रथम सोमवार को रामघाट और दत्त अखाड़ा क्षेत्र में 1100 वैदिक बटुकों ने वैदिक मंत्रोच्चार कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चलित एलईडी रथ के माध्यम से पूरी सवारी का सीधा प्रसारण भी किया गया।

पूरे सवारी मार्ग पर श्रद्धालुओं ने भगवान महाकाल की पालकी पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। भजन मंडलियों ने शिव भजनों की प्रस्तुति दी तथा आकर्षक रंगोलियों और धार्मिक आयोजनों से पूरा नगर शिवमय हो उठा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित