जालौन , अगस्त 17 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में सोमवार को श्रावण मास के तृतीय सोमवार के अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने विभिन्न शिवालयों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे शिव भक्तों से संवाद कर उन्हें सुरक्षित वातावरण का एहसास कराया।
अपर पुलिस अधीक्षक ने थाना चुर्खी क्षेत्र के ग्राम औंता स्थित कारे बाबा मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की भीड़, आवागमन, पार्किंग, बैरिकेडिंग तथा मंदिर परिसर में तैनात पुलिस बल की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं को देखा और मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डॉ. सोनी ने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार सतर्कता बनाए रखें तथा भीड़ के बीच संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाए। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पुलिसकर्मियों को सहयोगात्मक व्यवहार रखने के निर्देश दिए गए।
श्रावण सोमवार को जिले के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस बल लगातार सुरक्षा व्यवस्था में जुटा रहा। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित