धार , अगस्त 19 -- श्रावण मास के चौथे सोमवार 24 अगस्त को धार में आस्था और देशभक्ति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। इस अवसर पर भव्य 'तिरंगा कांवड़ यात्रा' निकाली जाएगी। यात्रा में महिलाएं मां नर्मदा का पवित्र जल लेकर धारेश्वर मंदिर पहुंचेंगी और भगवान धारनाथ का जलाभिषेक करेंगी।
आयोजन समिति के अनुसार, 24 अगस्त की सुबह शहर के विभिन्न मोहल्लों और कॉलोनियों से महिलाएं कांवड़ और राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लेकर पैदल यात्रा पर निकलेंगी। केसरिया और लाल परिधानों में सजी महिलाएं कांधे पर कांवड़ और हाथों में तिरंगा लेकर भगवान भोलेनाथ के जयकारे लगाते हुए शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरेंगी। यात्रा के दौरान हर-हर महादेव के जयघोष के साथ राष्ट्रगान भी गूंजेगा।
यात्रा को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए शहर को छह प्रमुख सेक्टरों में विभाजित किया गया है। आयोजकों ने बताया कि पिछले एक माह से धार शहर के अलावा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी बैठकें आयोजित कर यात्रा की तैयारियां की जा रही हैं।
पूर्व भाजपा नेता एवं यात्रा आयोजक राजीव यादव ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में महिला कांवड़ियों का जुटना शुरू होगा। दोपहर तक सभी जत्थे धारेश्वर मंदिर पहुंचेंगे, जहां सामूहिक रूप से भगवान धारनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार, धर्म, राष्ट्र और संस्कृति के संदेश से जुड़ी इस तिरंगा कांवड़ यात्रा का नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में भी दर्ज है। उन्होंने शहर के धर्मप्रेमी नागरिकों से यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित